घरघोड़ा मंडल भाजपा पिछड़ा वर्ग की कार्यकारिणी घोषित : विनोद बंटी महंत को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। भारतीय जनता पार्टी रायगढ़ जिला में संगठन विस्तार के तहत घरघोड़ा मंडल पिछड़ा वर्ग कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। इस नई कार्यकारिणी में युवा चेहरे विनोद बंटी महंत को उपाध्यक्ष (Vice President) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन ने उनके अनुभव, सक्रियता और मजबूत जनसंपर्क को देखते हुए यह अहम दायित्व दिया है।
विनोद महंत क्षेत्र में एक सरल, सहज और लोकप्रिय युवा नेता के रूप में पहचाने जाते हैं। गांव-गांव में युवाओं के साथ उनका मजबूत नेटवर्क है और वे लगातार क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। महंत समाज में उनकी अच्छी पकड़ भी उनकी पहचान को और मजबूत बनाती है।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का भी उन्हें पूरा विश्वास प्राप्त है। वे जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान को अपनी प्रेरणा मानते हैं और उनके मार्गदर्शन में संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।
अपने राजनीतिक सफर को लेकर विनोद महंत ने बताया कि उन्होंने छात्र राजनीति से अपने करियर की शुरुआत की थी। पारिवारिक कारणों से कुछ समय राजनीति से दूर रहने के बाद अब वे दोबारा पूरी ऊर्जा के साथ सक्रिय हो गए हैं। वे अपने बड़े भाई सोनू सिदार को अपना राजनीतिक मार्गदर्शक और संरक्षक मानते हैं।
उन्होंने आगे की रणनीति स्पष्ट करते हुए कहा कि वे पार्टी की रीति-नीति के अनुरूप जमीनी स्तर पर काम करेंगे, पिछड़ा वर्ग समाज के बीच जाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे और हर व्यक्ति तक पहुंचकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाएंगे।
भाजपा नेताओं का कहना है कि इस नई टीम के गठन से संगठन को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
