
देश के विकास, राजनीति और AI से लेकर व्यक्तिगत अनुभवों तक सवाल; 50 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने लिया अभियान में हिस्सा
रायपुर, 23 सितंबर 2026। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम में ‘नया भारत उत्सव’ एवं युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने युवाओं से सीधे संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए।
रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 100 से अधिक कॉलेजों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।संवाद के दौरान युवाओं ने देश के विकास, राजनीति, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रभाव और सांसद के व्यक्तिगत अनुभवों से जुड़े सवाल पूछे।
अग्रवाल ने कहा कि युवाओं की सोच और उनके सुझावों को समझना जरूरी है, क्योंकि इससे व्यवस्था और कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव के लिए दिशा मिलती है।कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, प्राध्यापक, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


