Big StoryRaigarh

एटीएम लूट की कोशिश नाकाम, गैस कटर सहित आरोपी गिरफ्तार

पहचान छुपाने CCTV कैमरे और चेहरे पर लगाया ब्लैक स्प्रे



पूंजीपथरा पुलिस की मुस्तैदी से एटीएम चोरी की बड़ी वारदात नाकाम

रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता)। थाना पूंजीपथरा पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एटीएम में लाखों रुपये की संभावित चोरी की बड़ी वारदात होने से पहले ही विफल कर दी गई। रात्रिकालीन पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एक आरोपी को गैस कटर के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। घटना देर रात लगभग 3 बजे की है, जब गेरवानी चौक स्थित इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के निर्देशन में गश्त टीम के आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा तत्काल मौके पर पहुंचे। मौके पर आरोपी एटीएम मशीन को गैस कटर से काटकर नकदी निकालने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी पंकज कुमार पासवान (29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गैस कटर भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले प्लांट में वेल्डिंग का काम करता था। ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में हुए नुकसान और कर्ज के दबाव के कारण उसने एटीएम चोरी की योजना बनाई थी, जिसे पुलिस की मुस्तैदी ने नाकाम कर दिया।

इस घटना में एटीएम मशीन को लगभग 3.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मामले में इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी दीपक दास महंत की रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 305, 316, 331(4), 62 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस सराहनीय कार्रवाई के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी एवं पूरी टीम की प्रशंसा की है। साथ ही उत्कृष्ट कार्य के लिए आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा को नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

एसएसपी का संदेश: “सतर्क पुलिसिंग से बड़ी वारदात टली है। रायगढ़ पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए हर समय मुस्तैद है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button