CG News

चंपारण्य को मिली 73.42 करोड़ रुपये के ‘वल्लभाचार्य स्टैच्यू कॉम्प्लेक्स’ की सौगात: सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय पर्यटन मंत्री शेखावत का जताया आभार


रायपुर 23 सितंबर

महाप्रभु श्री वल्लभाचार्य जी की प्राकट्य स्थली चंपारण्य अब देश के प्रमुख आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में वैश्विक पटल पर उभरेगी। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की केंद्रीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति (CSMC) ने राजिम के समीप चंपारण्य में करीब 73.42 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ‘वल्लभाचार्य स्टैच्यू कॉम्प्लेक्स’ को अंतिम मंजूरी प्रदान कर दी है।

रायपुर लोकसभा को इस ऐतिहासिक सौगात पर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत का रायपुर लोकसभा क्षेत्र की जनता व महाप्रभु वल्लभाचार्य जी के अनुआइयों की ओर से हृदय से आभार व्यक्त किया है।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, “चंपारण्य केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि समूचे देश और दुनिया भर में फैले करोड़ों वैष्णव भक्तों की अगाध आस्था का केंद्र है। लंबे समय से इस पावन धाम को एक भव्य और सर्वसुविधायुक्त आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। हमारे अनुरोध और पत्राचार पर त्वरित संज्ञान लेते हुए केंद्र सरकार ने 73.42 करोड़ रुपये की यह बड़ी सौगात दी है। इसके लिए हम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के संकल्प और पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत जी की सहृदयता के आभारी हैं।”श्री अग्रवाल ने बताया कि लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में आकार लेने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना में महाप्रभु वल्लभाचार्य जी के जीवन, दर्शन और पुष्टिमार्गीय परंपरा को आधुनिक स्थापत्य व उन्नत पर्यटन सुविधाओं के साथ संजोया जाएगा।

इस परिसर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए ध्यान केंद्र, व्याख्या केंद्र (इंटरप्रिटेशन सेंटर), लेक फ्रंट, भव्य प्रतिमा, सुसज्जित परिक्रमा पथ और आधुनिक जनसुविधाएं विकसित की जाएंगी।सांसद अग्रवाल ने विश्वास जताया कि इस परियोजना के पूर्ण होने से छत्तीसगढ़ में धार्मिक पर्यटन को नए पंख लगेंगे। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा होगा, जिससे नवा रायपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय व्यापार, परिवहन और आतिथ्य क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना चंपारण्य की आध्यात्मिक गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए उसे विश्वस्तरीय पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगी। उल्लेखनीय है कि सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री को 26 फरवरी 2026 को पत्र लिखकर- छत्तीसगढ़ के चंपारण स्थित महाप्रभु श्री वल्लभाचार्य जी की जन्मस्थली को राष्ट्रीय स्तर के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने हेतु लगभग ₹100 करोड़ की श्री वल्लभाचार्य स्टेच्यू कॉम्प्लेक्स की समग्र परियोजना स्वीकृत करने का अनुरोध किया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button