
3600 से अधिक महिलाओं ने कराया पंजीयन, 200 बेड की व्यवस्था; 31 लोगों ने लिया देहदान का संकल्प




रायपुर , 23 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयुर्वेद सेवा सम्मेलन, रक्तदान महाकुंभ और वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में शामिल होकर रक्तदान, देहदान और अंगदान के लिए आगे आए नागरिकों की सराहना की।
कार्यक्रम में एक ही दिन में 1000 से अधिक महिलाओं के रक्तदान की पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। आयोजन के लिए 3600 से अधिक महिलाओं ने पंजीयन कराया था और 200 बेड की व्यवस्था की गई थी।
महाकुंभ में करीब 2500 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रक्तदान मानवता की बड़ी सेवा है और रक्त की प्रत्येक यूनिट किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकती है। उन्होंने राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर आयुर्वेद को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य विरासत बताते हुए आधुनिक चिकित्सा के साथ आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने की बात कही।प्रोजेक्ट दधीचि के तहत कार्यक्रम में 31 लोगों ने देहदान का संकल्प लिया।
इनमें पद्मश्री एवं धरसींवा विधायक अनुज शर्मा भी शामिल रहे। अभियान के तहत अब तक 103 लोगों द्वारा देहदान का संकल्प लिए जाने की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में जरूरतमंद बच्चों के लिए पुस्तक, खिलौने और स्टेशनरी कलेक्शन की पहल भी की गई। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में आयुर्वेद और योग-नेचुरोपैथी सहित स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है।



