April 26, 2026

रायपुर में अवैध नशे की पार्टियों पर यूथ कांग्रेस का विरोध, प्रदेश महासचिव भावेश शुक्ला ने सौंपा ज्ञापन

0
77

रायपुर। प्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव भावेश शुक्ला ने रायपुर कमिशनरेट प्रणाली पर सवाल उठाते हुए तेलीबांधा थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने वीआईपी रोड स्थित फार्महाउसों में चल रही अवैध नशे की पार्टियों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। शुक्ला ने कहा कि बीते कुछ दिनों से इन फार्महाउसों में रईसजादों द्वारा खुलेआम हुक्का और शराब का सेवन करते हुए पार्टियाँ आयोजित की जा रही हैं, जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की जानकारी के बावजूद ऐसी गतिविधियाँ संचालित हो रही हैं, जिससे आम जनता में गलत संदेश जा रहा है कि कानून केवल सामान्य लोगों के लिए है, जबकि प्रभावशाली लोगों को संरक्षण प्राप्त है।



उन्होंने यह भी कहा कि कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद भी तालिबांधा क्षेत्र में कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो रही है। गरीब या सामान्य वर्ग के लोगों पर छोटी-सी गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई होती है, जबकि बड़े लोगों को छूट दी जा रही है। शुक्ला ने आरोप लगाया कि किसी प्रतिष्ठित एनजीओ की आड़ में इन अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे सामाजिक वातावरण और कानून व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। युवक कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर उसमें शामिल सभी व्यक्तियों की पहचान सार्वजनिक की जाए और आयोजकों व फार्महाउस मालिकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही वीआईपी रोड क्षेत्र में इस प्रकार की गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने और यदि किसी प्रकार का संरक्षण दिया जा रहा है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। भावेश शुक्ला ने चेतावनी दी कि यदि आगामी दो दिनों में ठोस कार्यवाही नहीं होती है, तो युवक कांग्रेस स्वयं सभी व्यक्तियों की पहचान सार्वजनिक करेगी और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

इस कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव भावेश शुक्ला, प्रवक्ता शुभम, लक्षित, मृगेंद्र, जिला उपाध्यक्ष तारिक अनवर ख़ान, अतीक मेमन, मो हसान, आशीष बाजपेयी, खुशराज ढिल्लन, जिशान मो, अनिकेत महतो, साहिल, कृष्णा, और चंदन शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *