
रायपुर, 27 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने के मामले में डी.डी. नगर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी कुर्सी तालाब, सतनामी पारा इलाके में हाथ में चाकू लेकर उसे लहराते हुए राहगीरों को भयभीत कर रहा था।पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त को रायपुर चौक के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुर्सी तालाब क्षेत्र में एक युवक चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान राहुल देवांगन (19 वर्ष), निवासी श्रीराम नगर, चंगोराभाठा, रायपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।मामले में डी.डी. नगर थाने में अपराध क्रमांक 534/2026 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में शहर में अवैध हथियार रखने और आम लोगों में भय पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।
जप्ती: एक धारदार लोहे का चाकू।

