Big StorygharghodaRaigarh

“ऑपरेशन अंकुश”: रायगढ़ पुलिस की गुगली में फंसे ऑनलाइन सटोरिये, छह हुए ‘हिट विकेट’

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर बड़ा प्रहार : साइबर, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, आईपीएल सट्टा खेलाते 6 आरोपी गिरफ्तार



घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। रायगढ़ जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर यह कार्रवाई की, जिसमें आरोपियों के कब्जे से करीब ढाई लाख रुपये कीमत के सात मोबाइल फोन, ₹15,490 नगद और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए। कोतवाली क्षेत्र में नयागंज कोष्टापारा से सोनू देवांगन (21) को गिरफ्तार किया गया, जो अपने मोबाइल से चेन्नई सुपर किंग, गुजरात टाइटंस, लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहा था, वहीं गद्दी चौक स्थित ए-वन कैफे से हर्षित देवांगन (24) को दो मोबाइल के साथ रंगे हाथ पकड़ा गया, जो डिजिटल पेमेंट के जरिए सट्टा संचालन कर रहा था। इसी क्रम में घरघोड़ा क्षेत्र में गोयल ट्रेडिंग पर छापेमारी कर भरत गोयल (22) को गिरफ्तार किया गया, जबकि जय स्तंभ चौक के पास की गई दूसरी कार्रवाई में गौतम भोजवानी (26), लक्ष्मीनारायण सिदार (28) और सागर गुप्ता (27) को मौके से पकड़ा गया, जो हर गेंद और मैच परिणाम पर दांव लगवा रहे थे। इन आरोपियों से चार मोबाइल और नगदी बरामद हुई। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है। पूछताछ में सट्टा नेटवर्क के अन्य संचालकों की जानकारी मिली है, जिनकी तलाश की जा रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन सट्टा और अवैध जुए के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है और ऐसे मामलों में लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि इस तरह की गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button