CityRAIPUR NEWS TERMINAL DESK

उत्तर बस्तर कांकेर : उप मुख्यमंत्री श्री साव ने दी बहुउद्देशीय मिनी स्टेडियम और इनडोर हॉल की सौगात



नगरवासियों को मिलेंगी खेल एवं अन्य गतिविधियां संचालित करने की सुविधाएं
स्कूली विद्यार्थियों से रू-ब-रू होकर कहा- वीर शहीदों की शहादत व उनके सपनों को संजोकर रखने की जिम्मेदारी आप सभी की


उत्तर बस्तर कांकेर 11 अगस्त 2026/ प्रदेश के लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद व युवा कल्याण मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरूण साव ने आज कांकेर प्रवास के दौरान तिरंगा यात्रा में शिरकत की। तिरंगा यात्रा रैली के समापन अवसर पर उन्होंने मेलाभाठा के समीप नवनिर्मित मिनी स्टेडियम एवं बहुउद्देशीय इनडोर हॉल का लोकार्पण किया। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री साव ने इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा देश की स्वाधीनता, आत्मनिर्भरता और महान क्रांतिकारियों, अमर शहीदों की बलिदानी का पर्याय है। उनके सपनों को संजोकर व सहेजकर रखने की जिम्मेदारी आप सभी के कंधों पर है। 


    नवनिर्मित मिनी स्टेडियम एवं बहुउद्देशीय इनडोर हॉल परिसर में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मौजूद विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच जाकर उन्हें संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि जिन महान देशभक्तों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को वर्षों की गुलामी से आजादी दिलाई, उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। क्रांतिवीरों की बलिदानी से विरासत में मिली आजादी के चलते देश को आत्मनिर्भर, विश्व गुरू और सोने की चिड़िया बनाने में निश्चित तौर पर विद्यार्थियों की बड़ी भूमिका रहेगी। जिले के प्रभारी मंत्री ने आगे कहा कि उक्त मल्टीपरपज मिनी स्टेडियम के निर्माण से स्थानीय खेल प्रतिभाओं को व्यापक सुविधाएं मुहैया होंगीं, साथ ही युवक-युवतियों को एक बेहतर प्लेटफॉर्म भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित कॉमन वेल्थ गेम्स में राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने वेट लिफ्टिंग में रजत पदक हासिल किया, जो पूरे प्रदेश की लिए गौरव की बात है। उम्मीद है कि कांकेर जिले की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं के लिए यह मिनी स्टेडियम एक बेहतर प्लेटफॉर्म साबित होगा। इस अवसर पर कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने नगरवासियों को बधाई देते हुए खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाने की अपील की। इसी तरह जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी तथा नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक ने भी नवनिर्मित मिनी स्टेडियम एवं इनडोर हॉल के लोकार्पण की बधाई देते हुए इसे कांकेर शहर की बड़ी उपलब्धि निरूपित किया। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने कहा कि बस्तर सहित कांकेर जिले के लिए यह साल बेहद अहम और ऐतिहासिक होगा, क्योंकि जिले के कुछ संवेदनशील रहे गांवों में 15 अगस्त को पहली बार राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त मिनी स्टेडियम के निर्माण से नगरवासियों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक खेल मैदान एवं बेहतर खेल तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होगी। इसके पहले, उप मुख्यमंत्री तथा कांकेर विधायक ने फुटबॉल खेलते हुए गोल दागकर उक्त खेल मैदान का शुभारंभ किया। यहां पर स्कूली बच्चों ने आकर्षक ढंग से मानव श्रृंखला के साथ भारत का नक्शा बनाकर एकता एवं अखण्डता का संदेश दिया। 


    उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन के विशेष प्रयासों से लगभग 7 करोड़ रूपए की लागत से मल्टी परपज मिनी स्टेडियम तथा 2.40 करोड़ रूपए की लागत से बहुउद्देशीय इनडोर हॉल का लोकार्पण आज उप मुख्यमंत्री श्री साव द्वारा किया गया। उक्त मिनी स्टेडियम फुटबॉल ग्राउण्ड, क्रिकेट बॉक्स, बास्केट बॉल ग्राउण्ड, रनिंग ट्रैक सहित विभिन्न खेलों नेट प्रैक्टिसिंग की सुविधा उपलब्ध है। इसी तरह मल्टी परपज इनडोर हॉल में बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस, कुश्ती सहित अलग-अलग खेल विधाओं की इनडोर अभ्यास किया जा सकेेगा। साथ ही आउटडोर जिम की सुविधा भी यहां उपलब्ध है।


अतिथियों ने मिनी स्टेडियम परिसर में रोपे नारियल के पौधे


नवनिर्मित मिनी स्टेडियम एवं बहुउद्देशीय इनडोर हॉल के लोकार्पण के उपलक्ष्य में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव तथा कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत नारियल के पौधे लगाए। इस दौरान अन्य अतिथियों ने भी परिसर में पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button