gharghoda

लैलूंगा में 14 अक्टूबर को होगा ऐतिहासिक करमा महोत्सव का आयोजन

घरघोड़ा ( गौरी शंकर गुप्ता )। 14 अक्टूबर, सोमवार को रायगढ़ जिले के विकासखंड लैलूंगा में क्षेत्रीय उराँव समाज के तत्वावधान में ऐतिहासिक करमा महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। यह महोत्सव उराँव समाज की आस्था और परंपराओं का प्रतीक है, जिसे समाज के लोग विगत बारह वर्षों से मनाते आ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि करमा महोत्सव, जिसे करम सेनी के नाम से भी जाना जाता है, उराँव समाज द्वारा महादेव और पार्वती के प्रतीक के रूप में पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ मनाया जाता है। इस महोत्सव में पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत का पालन करते हुए पूजा-अर्चना की जाती है। इस बार यह वार्षिक सम्मेलन सह करमा महोत्सव दिनांक 14 अक्टूबर को इंद्रप्रस्थ मिनी स्टेडियम, लैलूंगा में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत अपराह्न 04 बजे करम सेनी के पूजन के साथ होगी। इसके बाद शाम 07 बजे करम सेनी सेवा और कथा वाचन का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम, मांदर की थाप पर नाच-गान और रात्रीकालीन जागरण का भी आयोजन होगा। महोत्सव के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रथम आदिवासी मुख्यमंत्री, विष्णुदेव साय (छ.ग. शासन) होंगे। उनके आगमन से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ जाएगी। इस अवसर पर समाज के लोगों में खासा उत्साह है और वे बड़ी संख्या में भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं। इस महोत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य उराँव समाज की सांस्कृतिक धरोहर को संजोए रखना और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ना है। समाज के लोगों के लिए यह महोत्सव न केवल एक धार्मिक अनुष्ठान है, बल्कि यह उनकी सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक भी है।


Web Reporter

वेब पोर्टल: NewsTerminal स्वामी/ओनर: Shalini Dubey ईमेल: Newsterminaldesk@gmail.com वेबसाइट: www.newsterminal.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button