
अब कपिल शर्मा, हुमा कुरैशी, हिना खान को ईडी का समन
रायपुर । ऑनलाइन बेटिंग ऐप केस में कॉमेडियन कपिल शर्मा, एक्ट्रेस हुमा कुरैशी और हिना खान को ईडी ने समन भेजा है। दोनों को कब बुलाया गया है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। वहीं, एक्टर रणबीर कपूर ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को ईमेल भेजकर पेश होने के लिए एक हफ्ते का वक्त मांगा है। रणबीर को 6 अक्टूबर यानी आज रायपुर के ईडी दफ्तर में पेश होना था। ईडी रायपुर के वकील सौरभ पांडेय ने बताया कि रणबीर को 6 नहीं 5 अक्टूबर को पेश होना था, लेकिन वे नहीं आए। शाम 5 बजे तक अफसरों ने उनका इंतजार किया। उनका ईमेल मिलने के बाद अब शुक्रवार को तय किया जाएगा कि उन्हें दूसरा समन किस तारीख को भेजा जाए। रणबीर पर सौरभ चंद्राकर के बेटिंग ऐप के प्रमोशन का आरोप है। ईडी का कहना है कि इसके लिए रणबीर को हवाला के जरिए कैश पेमेंट किया गया। एक्टर से ईडी जानना चाहती है कि वह इसका प्रमोशन कब से कर रहे हैं? इसके लिए किसने संपर्क किया और पेमेंट किस मोड में मिला। बेटिंग ऐप केस में जांच कर रहे अफसरों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय की ओर से एक्टर रणबीर कपूर को फिर से समन भेजा जाएगा। अगर दो बार समन जारी करने के बाद भी वो पूछताछ में शामिल नहीं होंगे तो ईडी की टीम रणबीर कपूर को पूछताछ के लिए हिरासत में ले सकती है।
………………….



