Big Storygharghoda

खेतों से ट्यूबवेल के तांबा तार चोरी करने वाले तीन चोर सहित खरीदार गिरफ्तार, पुसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायगढ़(गौरी शंकर गुप्ता)। जिले में बढ़ रही संपत्ति संबंधी चोरियों पर अंकुश लगाने के लिए पुसौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खेतों में लगे ट्यूबवेल के तांबा केबल वायर चोरी करने वाले तीन आरोपियों तथा चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का तांबा एवं सिल्वर तार, नगदी रकम तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन बैस के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 31 मई को पुसौर निवासी उमेश साव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके खेत स्थित ट्यूबवेल से लगभग 50 मीटर तांबा केबल वायर, जिसकी कीमत करीब 13 हजार रुपये है, अज्ञात चोरों द्वारा काटकर चोरी कर लिया गया। शिकायत में यह भी बताया गया कि क्षेत्र के अन्य किसानों के ट्यूबवेल से भी तांबा तार चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 152/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही अमित सारथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने अपने साथी केदारनाथ सारथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए केबल वायर को समीर सतनामी के साथ मिलकर जलाया गया, जिससे तांबा अलग कर उसे बेच दिया गया।

आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AT 5405 तथा नगदी रकम बरामद की। बाद में केदारनाथ सारथी और समीर सतनामी को भी गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नगदी राशि जब्त की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम चन्द्रपुर पहुंची, जहां दिनेश देवांगन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने चोरी का तांबा एवं सिल्वर तार खरीदना स्वीकार किया। उसके कब्जे से लगभग 8 किलो तांबा तार और 2 किलो सिल्वर तार, कुल कीमत करीब 15 हजार रुपये, बरामद कर जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में अमित सारथी (24), केदारनाथ सारथी (39), समीर सतनामी (20) तथा दिनेश देवांगन (32) शामिल हैं। चारों आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई के बाद पुसौर क्षेत्र में किसानों ने राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

एसएसपी शशिमोहन सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि चोरी, संदिग्ध गतिविधियों अथवा किसी भी अपराध संबंधी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Web Reporter

वेब पोर्टल: NewsTerminal स्वामी/ओनर: Shalini Dubey ईमेल: Newsterminaldesk@gmail.com वेबसाइट: www.newsterminal.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button