June 2, 2026

15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर एमएसके प्रसाद का बड़ा बयान, बोले- ‘टी20 से शुरुआत कर वनडे और टेस्ट तक जाएं’

0
15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर एमएसके प्रसाद का बड़ा बयान, बोले- ‘टी20 से शुरुआत कर वनडे और टेस्ट तक जाएं’

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को प्रभावित करने वाले 15 वर्षीय युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी को भारतीय सीनियर टीम में शामिल करने की मांग तेज होती जा रही है। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन करने वाले इस युवा बल्लेबाज की प्रतिभा के अब भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद भी कायल हो गए हैं।



आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने 16 मैचों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237.30 रहा। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 72 छक्के लगाकर एक नया रिकॉर्ड भी बनाया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और निरंतर प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का उभरता हुआ सितारा बना दिया है। एमएसके प्रसाद ने एक समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि वैभव सूर्यवंशी मौजूदा समय में टी20 क्रिकेट की सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में से एक हैं और उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मौका देने के लिए अधिक इंतजार नहीं कराया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि आगामी आयरलैंड दौरे के लिए वैभव को भारतीय टी20 टीम में शामिल किया जाना चाहिए। पूर्व चयनकर्ता ने कहा कि श्रीलंका दौरे पर इंडिया ‘ए’ टीम के साथ अच्छा प्रदर्शन करने के बाद वैभव को सीधे सीनियर टीम में मौका मिल सकता है। उनके अनुसार, आईपीएल जैसे हाई-प्रेशर टूर्नामेंट में लगातार सफलता हासिल करना किसी खिलाड़ी की क्षमता का बड़ा प्रमाण है।

एमएसके प्रसाद का मानना है कि वैभव को केवल टी20 क्रिकेट तक सीमित नहीं रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस युवा खिलाड़ी में वनडे और टेस्ट क्रिकेट में भी सफल होने की पूरी क्षमता है। प्रसाद ने सलाह दी कि अगले दो वर्षों तक उनके प्रदर्शन पर लगातार नजर रखी जाए और धीरे-धीरे उन्हें तीनों प्रारूपों में तैयार किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इतनी कम उम्र में मिली लोकप्रियता और सफलता के बीच वैभव के करियर को सही दिशा देना बेहद महत्वपूर्ण होगा। इसके लिए उन्हें भारतीय क्रिकेट के अनुभवी मार्गदर्शकों जैसे वीवीएस लक्ष्मण या राहुल द्रविड़ की देखरेख में रखा जाना चाहिए, ताकि वे अपने खेल के साथ-साथ व्यक्तित्व का भी बेहतर विकास कर सकें। वैभव सूर्यवंशी का आईपीएल में किया गया प्रदर्शन उन्हें भारतीय क्रिकेट के भविष्य के रूप में स्थापित कर चुका है। अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें चयनकर्ताओं के अगले फैसले पर टिकी हैं कि क्या यह युवा बल्लेबाज जल्द ही टीम इंडिया की जर्सी में नजर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *