Big Storypolitics

संजय श्रीवास्तव बोले- कांग्रेस ने बार बार संविधान की धज्जियां उड़ाईं

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा, आज जो कांग्रेसी संविधान बचाने के नाम पर देशभर में शोर मचाते घूम रहे हैं, उनके राजनीतिक चरित्र का सच यह है कि उन्होंने संविधान को हर मौकों पर ताक पर रखा और महज राजनीतिक विरोध के कारण भाजपा और दीगर गैर-कांग्रेसी सरकारों को मनमाने ढंग से बर्खास्त करने में कोई हिचक नहीं दिखाई। एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, आज जिस निर्लज्जता के साथ कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की दुहाई दे रही है, उस कांग्रेस ने एक तो संवैधानिक ढांचे को तहस-नहस करते हुए साम्प्रदायिक तुष्टीकरण की सबसे गंदी मिसाल पेश की, दूसरे लोकतांत्रिक ढंग से चुनी गई उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश की भाजपा की चार राज्य सरकारों को रातों-रात बर्खास्त करके लोकतंत्र की खुले आम हत्या तक की थी जिसे बाद में जबलपुर हाई कोर्ट ने अवैध ठहराया था। हालांकि निर्णय आते तक विधानसभा का कार्यकाल भी समाप्त हो गया था।
श्री श्रीवास्तव ने कहा कि इससे भी अधिक शर्मनाक तो यह है कि बाबरी ढांचा ढहने के अगले दिन 7 दिसबंर 1992 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हाराव ने संसद में कहा था कि मस्जिद को गिराना बर्बर कार्य था, हमारी सरकार इसका पुनर्निर्माण करवाएगी। यह संविधान की भावनाओं के एकदम विपरीत था। श्री श्रीवास्तव ने कहा, कांग्रेस ने श्रीराम जन्मभूमि स्थल पर मस्जिद बनाने का वादा किया हुआ है। आज ही के दिन अयोध्या में विवादास्पद ढांचा ढहने के बाद कांग्रेस ने बिना कारण उत्तर प्रदेश के अलावा तीन अन्य भाजपा सरकारों को बर्खास्त कर संविधान का गैर-विवादास्पद ढांचा ढहा दिया था ।



Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button