June 4, 2026

गांजा सप्लाई करने वाला फरार तस्कर पत्थलगांव से गिरफ्तार

0
गांजा सप्लाई करने वाला फरार तस्कर पत्थलगांव से गिरफ्तार

घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस

एसएसपी शशि मोहन सिंह बोले— नशे के नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर होगी कार्रवाई

रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता)। जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे गांजा तस्कर दर्शन प्रसाद चौहान (22 वर्ष) को पत्थलगांव में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई अप्रैल माह में गांजा के साथ पकड़े गए दो तस्करों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की।



3.5 किलो गांजा के साथ दो तस्कर पहले ही हो चुके थे गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में लैलूंगा रोड पर नाकेबंदी की गई थी। इस दौरान हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल में सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में उनकी पहचान विजय सिदार निवासी चांदमारी रायगढ़ और शिवव्रत सिदार निवासी गोढ़ीकला, पत्थलगांव के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 3 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई थी। पुलिस ने गांजा के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए थे। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

मोबाइल नंबर और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सप्लायर का सुराग

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बताया था कि उन्होंने “सुदर्शन” नामक व्यक्ति से गांजा खरीदा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने मामले की एंड-टू-एंड जांच करते हुए मोबाइल नंबरों और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि संदिग्ध मोबाइल नंबर का उपयोग दर्शन प्रसाद चौहान कर रहा था।

घरघोड़ा पुलिस लगातार आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान पत्थलगांव में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी पहचान डम्फर चालक के रूप में काम करने के दौरान शिवव्रत सिदार से हुई थी। संपर्क बढ़ने के बाद शिवव्रत की मांग पर उसने करीब 3.5 किलोग्राम गांजा उपलब्ध कराया था।

अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी कुमार गौरव, एएसआई नरेन्द्र सिदार एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नशा कारोबारियों पर लगातार शिकंजा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस प्रकरणों में केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर सप्लायर, नेटवर्क और फरार आरोपियों तक पहुंचकर कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *