June 4, 2026

ऑपरेशन क्लीन हंट: मारपीट का फरार आरोपी विश्वास बैरागी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

0
ऑपरेशन क्लीन हंट: मारपीट का फरार आरोपी विश्वास बैरागी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

रायगढ़, 4 जून। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मारपीट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विश्वास बैरागी (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, बैकुण्ठपुर महावीर चौक निवासी वैभव ठाकुर (23 वर्ष) ने 28 मार्च 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 मार्च को श्रीरामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुए एक विवाद में बीच-बचाव करने की वजह से उसके साथ मारपीट की गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, शोभायात्रा समाप्त होने के बाद देर रात जब वैभव ठाकुर गैलेक्सी मॉल के पास अपने साउंड सिस्टम का सामान रखवाकर खड़ा था, तभी शुभम भाटिया, विश्वास बैरागी और उनके अन्य साथी वहां पहुंचे और बीच-बचाव करने की बात को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा मारपीट की। इस हमले में वैभव को नाक, बाएं कंधे और बाएं हाथ के अंगूठे के पास चोटें आईं।

प्रकरण में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 167/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था। चिकित्सीय परीक्षण के बाद प्रकरण में संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।

घटना के बाद से आरोपी फरार थे। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत पुलिस ने आज विश्वास बैरागी पिता तुलसी बैरागी, निवासी मोदीपारा सावित्रीनगर, रायगढ़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मारपीट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में मारपीट की घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *