सीसीपीएल-3 : संगीत सोनी के दमदार 80 रन, रायगढ़ लायंस ने सरगुजा टाइगर्स को 6 विकेट से हराया

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तीसरे संस्करण में गुरुवार को खेले गए पहले मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच संगीत सोनी (80 रन) की शानदार पारी की बदौलत रायगढ़ लायंस ने सरगुजा टाइगर्स को 6 विकेट से पराजित कर टूर्नामेंट में शानदार जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सरगुजा टाइगर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 188 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज सानिध्य हुरकत ने 51 गेंदों में 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 91 रन की शानदार पारी खेली। इसके अलावा हर्ष यादव ने 26 रन तथा आशुतोष सिंह ने 15 रन का योगदान दिया। रायगढ़ लायंस की ओर से दीपक यादव और राजा कुर्रे ने 2-2 विकेट हासिल किए।
189 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायगढ़ लायंस ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 192 रन बना लिए और मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम कर लिया। टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाते हुए संगीत सोनी ने 80 रन तथा ऋषभ तिवारी ने 45 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी कर जीत की मजबूत नींव रखी। इसके अलावा आलोक साहू ने नाबाद 29 रन और नयन चौहान ने 16 रन का योगदान दिया। सरगुजा टाइगर्स की ओर से धनंजय नायक और गगनदीप सिंह ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 80 रन की निर्णायक पारी खेलने वाले संगीत सोनी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
संक्षिप्त स्कोर:
सरगुजा टाइगर्स – 188/9 (20 ओवर)
रायगढ़ लायंस – 192/4 (18.3 ओवर)
परिणाम: रायगढ़ लायंस 6 विकेट से विजयी।
प्लेयर ऑफ द मैच: संगीत सोनी (80 रन)।
