Big StoryCSCSSports

CCPL-3 : आयुष ने खेली तूफानी पारी, 62 गेंदों में जड़े 147 रन, बिलासपुर बुल्स को दिलाई शानदार जीत

बिलासपुर बुल्स ने बस्तर बायंस को 22 रन से हराया



Varun Singh Bhuie – 4 wickets in 4 balls (Total 5 wickets in match)

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तीसरे संस्करण में गुरुवार को खेले गए मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने बस्तर बायंस को 22 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के नायक कप्तान आयुष पांडे रहे, जिन्होंने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतक जड़ा।

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में खेले गए मुकाबले में बस्तर बायंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी बिलासपुर बुल्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 227 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

कप्तान आयुष पांडे ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 62 गेंदों में 147 रन बनाए। उनकी इस यादगार पारी में 13 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। आयुष ने विकल्प तिवारी (68 नाबाद) के साथ तीसरे विकेट के लिए 195 रन की रिकॉर्ड साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। बस्तर बायंस की ओर से सौरभ मजूमदार ने 3 विकेट लिए।

228 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी बस्तर बायंस की टीम 19.5 ओवर में 205 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से राहुल प्रधान ने 74 रन, विजय यादव ने 46 रन, शशांक चंद्राकर ने 35 रन और अनुज तिवारी ने 28 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

बिलासपुर बुल्स की ओर से वरुण सिंह भुई ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। उन्होंने मैच के दौरान लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट लेकर मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया।

आयुष पांडे की विस्फोटक पारी और वरुण सिंह भुई की शानदार गेंदबाजी के दम पर बिलासपुर बुल्स ने 22 रन से जीत दर्ज की। हालांकि मैच का रुख बदलने वाली गेंदबाजी के लिए वरुण सिंह भुई को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, लेकिन पूरे मुकाबले में आयुष पांडे की 147 रन की ऐतिहासिक पारी चर्चा का केंद्र रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button