CCPL-3 : रायपुर राइनोज़ की लगातार तीसरी जीत, बस्तर बायंस को 5 विकेट से हराया
रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तीसरे संस्करण में रायपुर राइनोज़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी जीत दर्ज की। शनिवार को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में खेले गए मुकाबले में रायपुर राइनोज़ ने बस्तर बायंस को 5 विकेट से पराजित कर अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। टॉस जीतकर रायपुर राइनोज़ ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बस्तर बायंस की टीम 19.3 ओवर में 124 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अनुज तिवारी ने सर्वाधिक 35 रन बनाए, जबकि अम्बरीश कुमार ने 25 और देव आदित्य सिंह ने 21 रनों का योगदान दिया।रायपुर राइनोज़ के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। आशीष चौहान और मयंक यादव ने 3-3 विकेट हासिल कर बस्तर बायंस की बल्लेबाजी को संभलने का मौका नहीं दिया।125 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायपुर राइनोज़ की टीम ने 15.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 126 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में हर्ष शर्मा ने शानदार 56 रनों की पारी खेली, जबकि अमित कुमार यादव ने 30 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। बस्तर बायंस की ओर से सौरभ मजूमदार ने 2 विकेट लिए, लेकिन वह टीम को हार से नहीं बचा सके। अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए हर्ष शर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
