CCPL-3 : रायगढ़ लायंस ने राजनांदगांव पैंथर्स को 19 रन से हराया; प्रवीण बने प्लेयर ऑफ द मैच
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल)-3 में 6 जून को खेले गए मुकाबले में रायगढ़ लायंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजनांदगांव पैंथर्स को 19 रन से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। टॉस जीतकर राजनांदगांव पैंथर्स ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रायगढ़ लायंस ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 184 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज संगीत सोनी ने शानदार 59 रन बनाए, जबकि ऋषभ तिवारी ने 31 रनों का योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 99 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। राजनांदगांव पैंथर्स की ओर से आर्यन जायसवाल और सत्यम दुबे ने दो-दो विकेट हासिल किए। 185 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजनांदगांव पैंथर्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 165 रन ही बना सकी। टीम की ओर से साहिल रजत शरीफ ने 38 रन, आशीष डहरिया ने 30 रन और अमन त्रिपाठी ने 27 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। रायगढ़ लायंस की ओर से गेंदबाजी में प्रवीण कुमार यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। वहीं सौम्य केशरी और शुभम अग्रवाल ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को दबाव में रखा। अपने हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर प्रवीण कुमार यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ रायगढ़ लायंस ने सीसीपीएल-3 में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।
