
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी देने के मामले का खुलासा करते हुए शोएब ढेबर (26) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कथित तौर पर विदेशी मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप पर पीड़ित और उसके परिवार को धमकी दी थी।पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा को व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश मिले थे।
आरोपी ने खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की मांग की थी। रकम नहीं देने पर प्रार्थी, उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों की हत्या की धमकी दी गई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने विदेशी नंबरों, मोबाइल कनेक्शन और डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान खम्हारडीह निवासी शोएब ढेबर के रूप में हुई।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना से संबंधित 5 आईफोन, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना तेलीबांधा में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
