
रायपुर। टिकरापारा थाना पुलिस ने देवपुरी इलाके में चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काली मंदिर के पास देवपुरी में एक युवक चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमका रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अनिल विश्वकर्मा उर्फ टिल्लू (23) को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू मिला। पुलिस के अनुसार आरोपी चाकू रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।आरोपी के खिलाफ थाना टिकरापारा में आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।


