मन की बात’ देश के गुमनाम नायकों और नवाचारों को देती है राष्ट्रीय पहचान : CM साय

रायपुर, 30 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रविवार को रायपुर स्थित निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी सुनी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के कोने-कोने में हो रहे सकारात्मक प्रयासों, नवाचारों और समाजसेवा से जुड़े कार्यों को राष्ट्रीय पहचान देने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ऐसे लोगों को देश के सामने लाते हैं, जो बिना किसी स्वार्थ और प्रचार के समाज व राष्ट्रहित में कार्य कर रहे हैं। इससे उनके प्रयासों को प्रोत्साहन मिलता है और दूसरे लोगों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री के ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज और सरकार की साझा जिम्मेदारी है। स्वस्थ और ऊर्जावान युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को देशवासियों के राष्ट्रप्रेम का प्रतीक बताते हुए कहा कि करोड़ों लोगों की भागीदारी राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान को दर्शाती है। साथ ही उन्होंने स्वच्छता को सरकारी अभियान के बजाय प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बनाने पर जोर दिया।
अंतरिक्ष विज्ञान में छत्तीसगढ़ की बेटी की उपलब्धि पर गर्व
मुख्यमंत्री ने ‘मन की बात’ में अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े प्रयासों के उल्लेख को विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिमा राजपूत का मिशन शक्ति सैट से जुड़ना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने महिमा को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति, नवाचार और उपलब्धियों को भी देशभर में पहचान मिली है। बस्तर ओलंपिक, प्राचीन ताम्रपत्रों और काले हिरण संरक्षण जैसे विषयों का उल्लेख प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय है।कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



