
रायपुर, 30 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन से ही समृद्ध एवं विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प पूरा होगा। वे रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री ने चिकित्सा, शिक्षा, खेल, पत्रकारिता, कला-संस्कृति, कृषि, महिला उद्यमिता, सामाजिक सेवा, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि इन महिलाओं की उपलब्धियां प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं प्रदेश में 13.85 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्व-सहायता समूहों को मजबूत करने के लिए 481 महतारी सदनों का निर्माण किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य बेटियों की शिक्षा, महिलाओं की सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।मुख्यमंत्री ने राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. ममता साहू को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आयोग महिलाओं को न्याय दिलाने के साथ-साथ उनके कानूनी एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों की महिलाएं उपस्थित रहीं।



