
कुवैत सिटी। युवा निशानेबाज रेजा ढिल्लों और अनंत जीत सिंह नरुका ने शनिवार को यहां शॉटगन के लिए एशियाई ओलंपिक क्वालीफिकेशन में अपनी स्कीट स्पर्धाओं रजत पदक जीतकर पेरिस खेलों के लिए भारत को दो और कोटे दिलाए जिससे इनकी कुल संख्या 19 हो गई है।
ढिल्लों (19 वर्ष) ने महिलाओं की स्कीट स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल कर 18वां कोटा जीता। इसके बाद नरुका ने पुरुष स्कीट फाइनल में 56 के स्कोर से पोडियम में दूसरा स्थान हासिल कर 19वां कोटा दिलाया। नरुका फाइनल में ताईपे के मेंग युआन ली (57) से महज एक अंक से स्वर्ण पदक से चूक गए। मोहम्मद अलदाईहानी (47) ने कांस्य पदक जीतकर पुरुष फाइनल में दाव पर लगा दूसरा कोटा हासिल किया।
ढिल्लों छह महिलाओं के फाइनल में आगे चल रही थीं लेकिन फिर वह दो-तीन निशाने चूककर चीन की जिनमेई गाओ से पिछड़ गयीं। गाओ ने 60 शॉट के फाइनल में 56 निशाने लगाकर पहला स्थान हासिल किया जबकि ढिल्लों 52 हिट के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहीं।
गाओ और ढिल्लों दोनों ने पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल किया। ढिल्लों के साथ हमवतन निशानेबाज महेश्वरी चौहान ने 43 निशाने लगाकर कांस्य पदक जीता।



