gharghoda

घरघोड़ा का गौरव अक्षत मिश्रा: NDA में 30वीं रैंक पर भव्य नागरिक अभिनंदन

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। घरघोड़ा नगर ने शनिवार को एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण का साक्षी बनते हुए अपने होनहार सपूत अक्षत किशोर मिश्रा का भव्य नागरिक अभिनंदन किया। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एवं नौसेना अकादमी परीक्षा 2025 में अखिल भारतीय 30वीं रैंक हासिल कर अक्षत ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम देशभर में रोशन किया है। अटल परिसर (स्टेट बैंक के सामने) आयोजित इस सम्मान समारोह में नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी। जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षाविद, युवा वर्ग और विभिन्न संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जैसे ही अक्षत मंच पर पहुंचे, तालियों की गूंज से पूरा परिसर गूंज उठा और माहौल उत्सव में बदल गया। समारोह के दौरान अतिथियों ने अक्षत को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि अक्षत की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है। छोटे नगर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन यह दर्शाता है कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। अपने संबोधन में अक्षत किशोर मिश्रा ने इस सम्मान के लिए नगरवासियों का आभार जताया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता अर्चना मिश्रा, पिता प्रेमकिशोर मिश्रा और अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में नागरिकों ने एक स्वर में अक्षत की उपलब्धि को घरघोड़ा के लिए गर्व का क्षण बताया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ, लेकिन लोगों के चेहरे पर खुशी और प्रेरणा की चमक देर तक बनी रही।



Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button