CityDESK STORY

लोककला और डिजिटल माध्यमों से जन-जन तक पहुंचेगी विकास की गाथा

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में होंगे विविध आयोजन


रायपुर। छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच अब लोककला, संगीत और डिजिटल माध्यमों के जरिए आमजन तक बनाई जाएगी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नवा रायपुर स्थित अपने आवास में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को गतिविधियों को अधिक रचनात्मक, प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए।अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इसका उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव और प्रदेश की विकास यात्रा को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाना है।अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय भाषा, लोककला और संगीत के माध्यम से शासन की जनहितकारी योजनाओं तथा इनसे बदली लोगों की जिंदगी की प्रेरक कहानियां प्रस्तुत की जाएंगी।वहीं डिजिटल माध्यमों का भी व्यापक उपयोग किया जाएगा।

देश और प्रदेश के इन्फ्लूएंसर छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों, विकसित हो रही सुविधाओं और विकास कार्यों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाएंगे। इससे छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान मिलने के साथ ही प्रदेश की विकास यात्रा को भी व्यापक प्रचार मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार संस्कृति, पर्यटन और डिजिटल माध्यमों को जनसंवाद का सशक्त जरिया बनाकर छत्तीसगढ़ की विकास गाथा को प्रदेश के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में कार्य कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button