फेसबुक से दोस्ती…. फिर दुष्कर्म और 35 लाख की वसूली, आरोपी गिरफ्तार
शशि मोहन सिंह एसएसपी रायगढ़
रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता)। महिला थाना रायगढ़ ने विवाहित महिला की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के आरोपी अनिल ईजारदार (32) को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम बंजारी से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2019 में फेसबुक के माध्यम से दोबारा संपर्क में आए आरोपी ने अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वर्षों तक उसका शारीरिक एवं आर्थिक शोषण किया। आरोपी पर 2020 से 2026 के बीच लगातार दुष्कर्म करने और करीब 35 लाख रुपये की अवैध वसूली करने का आरोप है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत महिला थाना टीम ने रात में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव, प्रधान आरक्षक संदीप भगत तथा आरक्षक राज सोनी ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(m), 351(3) एवं 308(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले ब्लैकमेल और शोषण के मामलों में महिलाएं बिना डर के पुलिस से संपर्क करें, रायगढ़ पुलिस हरसंभव सहायता और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
