Big StoryRaigarh

6 साल तक शादी का झांसा देकर संबंध बनाए, फिर दूसरी महिला से रचाई शादी; आरोपी हिरासत में

रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह द्वारा महिला पीड़ितों की शिकायतों पर संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान “अभियान संवेदना” के तहत एक महत्वपूर्ण मामले में तत्काल कार्रवाई की गई है। गाजियाबाद निवासी सलीम (30 साल) नामक युवक के विरुद्ध शादी का झांसा देकर महिलाओं को धोखे में रखने और एक युवती के साथ कथित शारीरिक शोषण की शिकायत सामने आने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए खरसिया पुलिस के सुपुर्द किया है।


🔹 सुरक्षा की मांग लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची महिला, आवेदन की जांच के दौरान सामने आया नया मामला

जानकारी के अनुसार खरसिया क्षेत्र की एक महिला (45 साल) दिनांक 05 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह को आवेदन प्रस्तुत कर सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की। महिला ने बताया कि उसने हाल ही में गाजियाबाद निवासी सलीम के साथ जिला जांजगीर-चांपा के एक मंदिर में विवाह किया है, जिसके कारण उसके बेटे उससे नाराज हैं और घर में प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं। महिला के आवेदन को परीक्षण एवं जांच में रखा गया था।

🔹 दूसरी युवती ने लगाया शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप

आज इसी मामले से जुड़ा एक नया घटनाक्रम सामने आया जब खरसिया क्षेत्र की एक युवती (28 साल) पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और सलीम के विरुद्ध गंभीर शिकायत प्रस्तुत की। युवती ने बताया कि कोरोना काल के दौरान सलीम, जो खरसिया क्षेत्र में फेरी का कार्य करता था, उससे संपर्क में आया और शादी का वादा कर उसके साथ संबंध स्थापित किए। युवती के अनुसार सलीम उसे दिल्ली स्थित अपनी बहन के घर भी लेकर गया था तथा लगातार विवाह का भरोसा देता रहा।

🔹 दूसरी महिला से संपर्क और मंदिर में विवाह की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस के पास

  शिकायतकर्ता युवती ने बताया कि बाद में उसे जानकारी मिली कि सलीम एक अन्य महिला के संपर्क में है और उससे भी विवाह का वादा कर रहा है। युवती ने संबंधित महिला से मोबाइल पर बातचीत भी की थी, जहां उसे विश्वास दिलाया गया कि सलीम उसे पत्नी के रूप में रखेगा। बाद में सलीम द्वारा दूसरी महिला से मंदिर में विवाह किए जाने की जानकारी मिलने पर युवती ने अपने साथ हुए शारीरिक शोषण की शिकायत लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की।

🔹 मोबाइल में कई युवतियों से चैटिंग और बातचीत की भी शिकायत
पीड़िता ने यह भी बताया कि सलीम कई अन्य युवतियों और महिलाओं से मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत एवं चैटिंग करता था। शिकायत के अनुसार उसके मोबाइल फोन में कई महिलाओं और युवतियों के साथ संदेश और चैटिंग के रिकॉर्ड भी मौजूद हैं। इन तथ्यों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

🔹 एसएसपी के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई, आरोपी खरसिया पुलिस के सुपुर्द

  मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने तत्काल महिला थाना एवं थाना कोतरारोड़ पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। पीड़ित युवती के आवेदन पर वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रकरण खरसिया थाना भेजा गया है। वहीं कोतरारोड़ पुलिस द्वारा आरोपी सलीम को हिरासत में लेकर खरसिया पुलिस के सुपुर्द किया गया है, जहां शिकायत के आधार पर दुष्कर्म की धाराओं तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। मामले में जांच जारी है।

👉 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश —

“महिलाओं की शिकायतों पर संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाएं किसी भी व्यक्ति से मित्रता के पहले उसकी पूरी पृष्ठभूमि जान लें, कई बार ऐसे में धोखा मिलता है । महिला अपराधों से जुड़े प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Web Reporter

वेब पोर्टल: NewsTerminal स्वामी/ओनर: Shalini Dubey ईमेल: Newsterminaldesk@gmail.com वेबसाइट: www.newsterminal.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Explore how to buy real estate for your property needs today

Discover friendly introductions through the Slavic Women Dating site and start meaningful conversations with Slavic women.