जशपुर को विकास की बड़ी सौगात: श्री नदी पर बनेगा हाई-लेवल ब्रिज, छत्तीसगढ़-झारखंड-ओडिशा की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
जशपुर (गौरी शंकर गुप्ता)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले को बड़ी विकास सौगात देते हुए कुनकुरी-तपकरा-लवाकेरा मार्ग पर श्री नदी में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 9 करोड़ 45 लाख रुपये से अधिक की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई मजबूती देने के साथ-साथ तीन राज्यों छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा के बीच आवागमन को और अधिक सुरक्षित, सुगम और निर्बाध बनाएगी। वर्तमान में इस मार्ग पर स्थित सकरा पुल बरसात के मौसम में जलस्तर बढ़ने के कारण अक्सर बाधित हो जाता है, जिससे ग्रामीणों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता था। लंबे समय से क्षेत्रवासी यहां हाई-लेवल ब्रिज निर्माण की मांग कर रहे थे।
अब पुल निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह परियोजना जशपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। पुल बनने से व्यापार, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा हजारों लोगों को सालभर सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री नदी पर बनने वाला यह हाई-लेवल ब्रिज दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के साथ विकास का नया द्वार खोलेगा।
