अनधिकृत ई-डिस्ट्रिक्ट संचालन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: निजी CSC सेंटर सील, जनता से अवैध वसूली का खुलासा
जशपुर (गौरी शंकर गुप्ता)। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर प्रशासन ने तहसील कार्यालय कांसाबेल के पास संचालित निजी दुकान “CSC Varsha Online Center” पर औचक जांच कर बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्र को आगामी आदेश तक सील कर दिया। जांच में सामने आया कि जयजीत एक्का द्वारा अनधिकृत रूप से ई-डिस्ट्रिक्ट आईडी का संचालन किया जा रहा था और नागरिक आईडी के दुरुपयोग की शिकायतें भी लगातार मिल रही थीं। प्रशासनिक जांच में यह भी पाया गया कि ग्राम पंचायत भवन कुसुमताल के लिए जारी अधिकृत ई-डिस्ट्रिक्ट आईडी का संचालन पंचायत भवन के बजाय निजी दुकान से किया जा रहा था, जिसके कारण ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर मिलने वाली ऑनलाइन सेवाओं के लिए अन्य पंचायतों या तहसील कार्यालय तक भटकना पड़ रहा था। इससे लोगों को समय और पैसे दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही थी।
जांच के दौरान यह शिकायत भी सही पाई गई कि संबंधित संचालक नागरिकों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूल रहा था। इतना ही नहीं, महतारी वंदन योजना के तहत पूरी तरह निःशुल्क ई-केवाईसी प्रक्रिया के नाम पर भी लोगों से पैसे लिए जा रहे थे और भुगतान नहीं करने पर काम नहीं किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। शिकायतों की पुष्टि होने के बाद नायब तहसीलदार कांसाबेल ने तत्काल प्रभाव से केंद्र को सील करने की कार्रवाई की।
प्रशासन ने जिले के सभी लोक सेवा केंद्र संचालकों और ई-डिस्ट्रिक्ट यूजर आईडी ऑपरेटर्स को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वे केवल शासन द्वारा निर्धारित और अनुमोदित स्थानों से ही सेवाओं का संचालन करें। नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतों में 9 CSC संचालकों की आईडी बंद की जा चुकी है।
