June 10, 2026

जामुड़ा में टकराव चरम पर: पुलिस छावनी के बीच अडानी परियोजना शुरू, विरोध करने वाले ग्रामीण हिरासत में

0
जामुड़ा में टकराव चरम पर: पुलिस छावनी के बीच अडानी परियोजना शुरू, विरोध करने वाले ग्रामीण हिरासत में

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। रायगढ़ जिले के ग्राम गेजामुड़ा में अडानी की प्रस्तावित रेलवे लाइन परियोजना को लेकर चल रहा विवाद अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। रविवार को प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई बातचीत विफल होने के बाद गांव का माहौल अचानक बदल गया। देखते ही देखते पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया और भारी सुरक्षा के बीच परियोजना का काम शुरू करा दिया गया। बताया जा रहा है कि एडिशनल एसपी और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ कोतरा रोड थाने में लंबी चर्चा हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। ग्रामीण अपनी जमीन के बदले 100% मुआवजे और गिरफ्तार युवक ऋषि पटेल की रिहाई की मांग पर अड़े रहे, जबकि कंपनी केवल 50% मुआवजा देने को तैयार थी। इस असहमति के चलते वार्ता पूरी तरह टूट गई। वार्ता विफल होते ही प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और बड़ी मशीनों के साथ रेलवे लाइन का काम शुरू करा दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी की ओर से निजी बाउंसर भी बड़ी संख्या में लाए गए, जिससे गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया। अपनी जमीन बचाने के लिए जब ग्रामीण, महिलाएं और बुजुर्ग विरोध करने पहुंचे, तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दर्जनों लोगों को हिरासत में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध कर रहे लोगों को जबरन वाहनों में भरकर ले जाया गया। गांव में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है। पिछले दो दिनों की घटनाओं के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है, जबकि प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि परियोजना के काम में किसी भी प्रकार की बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *