March 6, 2026

किराये पर लिए ट्रेलर बेचा, घरघोड़ा पुलिस ने दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे जेल

0
666
Spread the love

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें होटल संचालिका से ट्रेलर वाहन किराये पर लेकर आरोपियों ने वाहन का डाला बेच दिया और इंजन बेचने की तैयारी कर रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



प्रार्थिया श्रीमती मीना चौहान (48 वर्ष), निवासी ग्राम कंचनपुर ने 7 फरवरी 2026 को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने दो वर्ष पूर्व ट्रेलर वाहन क्रमांक CG-13-LA-4176 खरीदा था, जो दस्तावेजी प्रक्रियाओं के कारण होटल के सामने खड़ा था। इसी दौरान परमेश्वर चौहान ने दस्तावेज बनवाने और ₹85,000 प्रतिमाह किराया देने का झांसा देकर ट्रेलर अपने साथी लीलाम्बर प्रसाद चौहान के साथ ले लिया।

कुछ दिनों बाद दोनों आरोपी संपर्क से बाहर हो गए। संदेह होने पर वाहन में लगे जीपीएस से लोकेशन ट्रैक की गई, जिससे पता चला कि वाहन कुंजारा, लैलूंगा क्षेत्र में खड़ा है। मौके पर पहुंचने पर ट्रेलर का केवल इंजन मिला, जबकि डाला गायब था। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने डाला बिलासपुर में बेच दिया था और इंजन बेचने की तैयारी कर रहे थे।

रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 43/2026 धारा 318(4), 316(2), 316(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रेलर का इंजन बरामद किया। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल एवं उद्धोराम पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। घरघोड़ा पुलिस ने कहा है कि भरोसे में लेकर संपत्ति हड़पने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *