भाजपा का गांव चलो अभियान : मुख्यमंत्री भी जाएंगे एक गांव

Spread the love

प्रदेश के हर गांव में जाएंगे भाजपा के मंत्री, सांसद, विधायक और बड़े से लेकर छोटे नेता

रायपुर। भाजपा का गांव चलो अभियान 4 फरवरी से प्रदेश में प्रारंभ होगा। इसमें प्रदेश के हर गांव तक भाजपा के कार्यकर्ता जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी एक गांव में जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश के सभी मंत्री, सांसद, विधायक, बड़े से लेकर छोटे पदाधिकारी और नेता भी एक-एक गांव तक जाएंगे और वहां पर 24 घंटे रहेंगे।
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में गुरुवार को गांव चलो अभियान की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में गांव चलो अभियान के चार राज्यों (बिहार, उड़ीसा, झारखंड एवं छत्तीसगढ़) के प्रभारी एवं झारखंड के राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, गांव चलो अभियान के प्रदेश संयोजक एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सह संयोजक विधायक रायपुर ग्रामीण मोतीलाल साहू, विधायक श्रीमती गोमती साय, भरत मटियारा, उपस्थित रहे।
राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा, भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान को समर्पित रही है। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार से प्रारंभ हुई विकास यात्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वट वृक्ष का रूप धारण कर लिया है। आज मोदी सरकार में गांव, गरीब को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। नारायण चंदेल ने बताया, गांव चलो अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में 4 फरवरी से लेकर 11 फरवरी तक यह अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत प्रदेश के 20 हजार गांवों में भाजपा कार्यकर्ता जाएंगे। इस अभियान में मुख्यमंत्री से लेकर सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, सहित सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता गांवों में जाकर 24 घंटे वहां रुकेंगे एवं वहां के लोगों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में बताएंगे। उन्होंने कहा, गांव चलो अभियान कार्यशाला का मुख्य विषय लोकसभा चुनाव की तैयारी है जिसमें क्या-क्या कार्य करना है इस पर चर्चा की गई। भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी गांवों में जाकर केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से मिलेंगे और वहां के लोगों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। इसके लिए जिले में एक संयोजक एवं दो सहसंयोजक बनाए गए हैं वही मंडल स्तर में एक संयोजक एवं एक सहसंयोजक बनाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *