रायपुर में अंतर्राज्यीय मोबाइल लूट गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

करीब 100 मोबाइल लूट-चोरी की वारदातों का खुलासा, ओडिशा और राजस्थान तक फैला था नेटवर्क
रायपुर, 17 सितंबर 2026। कबीर नगर पुलिस ने मोबाइल लूट एवं चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक गिरोह का नेटवर्क रायपुर से ओडिशा और राजस्थान तक फैला था। कार्रवाई में अब तक करीब 100 मोबाइल लूट एवं चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 14 मोबाइल फोन और 2 लैपटॉप बरामद किए हैं। मामले की शुरुआत सीसीटीवी फुटेज के जरिए शहजाद अली उर्फ भिंडी की पहचान से हुई।
पूछताछ में रायपुर में चोरी-लूटे गए मोबाइल ओडिशा भेजे जाने और उनके लॉक खोलकर सेकंड हैंड फोन के रूप में बेचने का खुलासा हुआ।पुलिस के अनुसार, कुछ मोबाइलों में लॉक नहीं खुलने पर स्पेयर मदरबोर्ड बदलकर उनकी पहचान बदलने का प्रयास किया जाता था। ऐसे मोबाइल राजस्थान के कोटा तक भेजे जाते थे।कबीर नगर थाना पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में रायपुर, ओडिशा और राजस्थान से आरोपियों को गिरफ्तार कर गिरोह की पूरी श्रृंखला को ट्रेस किया गया। मामले में आगे की पूछताछ और जांच जारी है।

