पचपेड़ी नाका में चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक बरामद, चालक फरार

रायपुर, 7 सितंबर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध मोटरसाइकिल बरामद की है।
जांच में पता चला कि बाइक तिल्दा-नेवरा क्षेत्र से चोरी हुई थी।यातायात थाना पचपेड़ी नाका प्रभारी गोविंद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम संतोषी नगर क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल को रोककर दस्तावेज मांगे गए। चालक दस्तावेज लेकर आने की बात कहकर मौके से चला गया।
संदेह होने पर यातायात पुलिस ने बाइक के चेचिस नंबर के आधार पर जांच की। वाहन स्वामी से संपर्क करने पर पता चला कि हीरो एचएफ डीलक्स (क्रमांक CG 22 M 1937) 14 अगस्त 2026 को चोरी हो गई थी। इस संबंध में तिल्दा-नेवरा थाने में अपराध क्रमांक 375/2026 के तहत मामला दर्ज है।
यातायात पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त कर सुरक्षित रखा है तथा आगे की कार्रवाई के लिए तिल्दा-नेवरा पुलिस को सूचना दे दी गई है। फरार चालक की पहचान और तलाश की जा रही है।

