
टिकरापारा पुलिस की कार्रवाई: चाकू लेकर लोगों को धमकाने वाला युवक गिरफ्तार, चार बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
रायपुर, 27 अगस्त 2026। शहर में आपराधिक गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए टिकरापारा पुलिस ने क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग कर कार्रवाई की। पुलिस ने चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में एक युवक को मौके से गिरफ्तार किया है। इसके अलावा अड्डेबाजी और नशाखोरी में संलिप्त चार संदिग्धों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टिकरापारा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में दो अलग-अलग पुलिस टीमों ने सरजुबांधा, संजय नगर, श्रीराम नगर और संतोषी नगर क्षेत्र में पेट्रोलिंग की।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने धीरेंद्र कुमार साहू (22 वर्ष), निवासी कमल विहार सेक्टर-04, थाना टिकरापारा, रायपुर को धारदार चाकू लेकर लोगों को डराते-धमकाते हुए पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ टिकरापारा थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की है।वहीं, क्षेत्र में अड्डेबाजी और नशाखोरी करने वाले चार अन्य संदिग्धों को भी पुलिस ने पकड़ा। इनके खिलाफ धारा 170/126 और 135(3) BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पेट्रोलिंग और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।जप्त सामग्री: 01 धारदार चाकू।

