
40 लाख की संपत्ति जब्त‘ऑपरेशन आघात’ के तहत बड़ी कार्रवाई, उड़ीसा से उत्तर प्रदेश गांजा ले जा रहा था आरोपी; गांधी चौक पर घेराबंदी कर वैन्यू कार पकड़ी
जशपुर, 31 अगस्त 2026। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 60 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजे की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वैन्यू कार भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच जशपुर पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक वैन्यू कार में बड़ी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में बागबहार पुलिस ने संभावित मार्गों पर नाकाबंदी और घेराबंदी शुरू की।गांधी चौक पर पकड़ी गई वैन्यू कारइसी दौरान गांधी चौक, बागबहार के पास पुलिस टीम को संदिग्ध वैन्यू कार क्रमांक UP-91-U 6302 आती दिखाई दी। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और चालक से पूछताछ की।चालक ने अपना नाम विकास चौधरी (27) निवासी समस्तीपुर, बिहार तथा वर्तमान निवास गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश बताया। गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की में प्लास्टिक टेप से लिपटे 60 पैकेट मिले।पुलिस के मुताबिक पैकेटों की जांच करने पर उनमें करीब 60 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद गांजा और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
उड़ीसा से यूपी ले जाया जा रहा था गांजा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी द्वारा उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा आरोपी को किस व्यक्ति से मिला था और इसे उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था।पुलिस मामले की एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।30 लाख का गांजा और 10 लाख की कार जब्तपुलिस के अनुसार कार्रवाई में करीब 30 लाख रुपये कीमत का 60 किलो गांजा और करीब 10 लाख रुपये कीमत की वैन्यू कार जब्त की गई है। इस तरह कुल जब्ती की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ थाना बागबहार में NDPS एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
नशे के नेटवर्क पर पुलिस की नजर
जशपुर पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को मजबूत करने के साथ तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल बढ़ाया है।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर पुलिस की लगातार नजर है। 60 किलो गांजा बरामदगी के मामले में एंड-टू-एंड जांच की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिकाकार्रवाई में एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल, डीएसपी जशपुर शुभम तिवारी, थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक ललित कुमार यादव, प्रधान आरक्षक लव चौहान, आरक्षक अजय खेस, आरक्षक पवन पैंकरा तथा जशपुर पुलिस की साइबर/टेक्निकल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


