जशपुर समर कैंप में वॉल क्लाइम्बिंग का क्रेज, सुरक्षा उपकरणों के साथ एडवेंचर स्पोर्ट्स सीख रहे बच्चे

जशपुर(गौरी शंकर गुप्ता)। गर्मी की छुट्टियों में जशपुर जिले के बच्चों के लिए आयोजित समर कैंप आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। जयस्तम्भ चौक के पास स्थित बैडमिंटन इंडोर स्टेडियम में हाल ही में तैयार की गई वॉल क्लाइम्बिंग व्यवस्था बच्चों को रोमांच और साहस का नया अनुभव दे रही है। यहां हर दिन जिलेभर से सैकड़ों बच्चे पहुंचकर पहाड़ों पर चढ़ने की कला सीख रहे हैं। शनिवार की शाम 5 बजे मिली जानकारी के अनुसार समर कैंप में प्रशिक्षकों की निगरानी में बच्चों को वॉल क्लाइम्बिंग के गुर सिखाए जा रहे हैं। सुरक्षा उपकरणों के साथ बच्चे उत्साहपूर्वक दीवार पर चढ़ाई का अभ्यास कर रहे हैं। इस गतिविधि से बच्चों में आत्मविश्वास, शारीरिक क्षमता और साहस का विकास हो रहा है। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जशपुर में पहली बार बच्चों को एडवेंचर स्पोर्ट्स से जुड़ने का ऐसा अवसर मिल रहा है। समर कैंप में खेल-कूद और मनोरंजन के साथ बच्चों को नई गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उनमें खेल और फिटनेस के प्रति रुचि बढ़ रही है।
