Big StoryCSCSSports

बिलासपुर बुल्स और रायगढ़ लायंस के बीच होगा सीसीपीएल-3 का खिताबी मुकाबला

सेमीफाइनल में बिलासपुर बुल्स ने बस्तर बायंस को 7 विकेट और रायगढ़ लायंस ने रायपुर राइनोज को 9 विकेट से हराया



रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल)-3 के दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला। शानदार जीत दर्ज करते हुए बिलासपुर बुल्स और रायगढ़ लायंस ने फाइनल में जगह बना ली है। अब 14 जून को दोनों टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।

पहले सेमीफाइनल में बिलासपुर बुल्स ने बस्तर बायंस को 7 विकेट से हराया। बस्तर की टीम 112 रन पर सिमट गई, जिसमें अब्दुल अंस खान (29 रन) और अमय मोरे (19 रन) प्रमुख स्कोरर रहे। बिलासपुर की ओर से मोहित राउत और रुद्र प्रताप देहारी ने 3-3 विकेट लिए, जबकि मोहित ने शानदार हैट्रिक भी बनाई। जवाब में विकल्प तिवारी ने नाबाद 53 रन, अभिजीत ताहा ने 22 रन और आयुष पांडेय ने 21 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। बस्तर के लिए देव आदित्य सिंह ने 2 विकेट लिए। मोहित राउत को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे सेमीफाइनल में रायगढ़ लायंस ने रायपुर राइनोज को 9 विकेट से मात दी। रायपुर की ओर से मयंक यादव (46 रन), शाहबान खान (31 रन) और वैभव साहू (24 रन) ने योगदान दिया, लेकिन टीम 116 रन ही बना सकी। रायगढ़ के आयुष सिंह ठाकुर ने हैट्रिक सहित 5 विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए संगीत सोनी ने नाबाद 50 रन और ऋषभ तिवारी ने 40 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाई। आयुष सिंह ठाकुर को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

दोनों सेमीफाइनल में हैट्रिक का रोमांच देखने को मिला और अब सीसीपीएल-3 के फाइनल में बिलासपुर बुल्स और रायगढ़ लायंस के बीच खिताबी जंग क्रिकेट प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button