Big Storypolitics

कानून व्यवस्था तथा बलौदाबाजार मामले में राज्यपाल से मिले कांग्रेसी

रायपुर। बलौदाबाजार आगजनी एवं लचर व बदहाल कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचार पर ध्यानाकर्षण के लिये कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में राज्यपाल से मिला और ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने निर्दोषजनों की निःशर्त रिहाई एवं प्रदेश की बदहाल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है। साथ ही राज्यपाल से आग्रह किया है कि बलौदाबाजार मामले की हाईकोर्ट जज की देखरेख में निष्पक्ष जांच करायी जाये या सतनामी समाज की मंशानुरूप पूरे घटनाक्रम की सीबीआई जांच कराई जाए। ज्ञापन में कहा गया कि सरकार की अकर्मण्यता के कारण प्रदेश की कानून व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। अपनी नाकामी छिपाने लगातार सरकार प्रशासन का दुरुपयोग कर विपक्षी पार्टी को निशाना बना रही है। बलौदाबाजार में घटित पूज्य जैतखाम को काटे जाने मामले में सतनामी समाज को आज तक न्याय नहीं मिला है, जो कि अत्यंत गंभीर विषय है। साथ ही कलेक्टर परिसर में घटित आगजनी की भयावह घटना घोर प्रशासनिक चूक व सरकार के उदासीनता का नतीजा था। कांग्रेस के विधायक देवेन्द्र यादव, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र बंजारे, एनएसयूआई के विधानसभा अध्यक्ष सूर्यकांत वर्मा एवं अन्य कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ताओं के खिलाफ बिना किसी साक्ष्य विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जेल भेज दिया गया। पुलिस द्वारा जिसके बाद ना ही कार्यवाही आगे बढ़ाई गई, ना आज पर्यन्त कांग्रेसजनों एवं सतनामी समाज के निर्दोष गिरफ्तार किये गये लोगों का चालान पेश किया गया है। सभा स्थल पर दोनों राजनैतिक दल सहित सतनामी समाज के नेता उपस्थित थे, लेकिन भाजपा समर्थित पीएचई ठेकेदार अजगल्ले एवं भाजपा के बलौदाबाजार जिला अध्यक्ष सनम जांगड़े एवं अन्य भाजपा पदाधिकारी, नेताओं की भूमिका संदिग्ध रही है।
महिलाओं पर बढ़े अपराध
वर्तमान में प्रदेश में महिलाओं से जुड़े अपराध, सामूहिक दुष्कर्म, अनाचार, स्कूली छात्राओं के साथ छेड़‌छाड़, नाबालिग बच्चियों का लैंगिक शोषण, जैसी घटनाए लगातार बढ़ रही है, जिससे प्रदेश की महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। वहीं ऐसे भी प्रकरण सामने आ रहे हैं, जहां पीड़िता को न्याय दिलाने के बजाय पुलिस मामले में लीपापोती करती है, बल्कि घटना को दबाए जाने दबाव बनाया जा रहा है। प्रदेश के सरकारी हॉस्टल, छात्रावास भी बच्चियों के लिए सुरक्षित नहीं है। वहीं सरकार द्वारा हर मुद्दे को राजनीतिक रंग देने और अपनी नाकामी छुपाने के लिए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर द्वेषपूर्वक कार्यवाही करने के लिए फर्जी एफआईआर दर्ज की जा रही हैं।
ये थे मौजूद : प्रतिनिधिमंडल में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू, सत्यनारायण शर्मा, पूर्व मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, अमितेष शुक्ल, विधायक लखेश्वर बघेल, महापौर एजाज ढेबर, रायपुर सभापति प्रमोद दुबे, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, राजेन्द्र तिवारी, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष पीआर खुंटे, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेमचंद जायसी, प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री सुबोध हरितवाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा, सेवादल अध्यक्ष अरुण ताम्रकार, रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष उधोराम वर्मा उपस्थित थे।



Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button