Big StoryCity

भव्य झांकियों के साथ कल रायपुर पश्चिम से निकलेगी विशाल कांवड़ यात्रा

विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में भव्य आयोजन : कई राज्यों के कलाकार देंगे रंगारंग प्रस्तुति
रायपुर
। रायपुर पश्चिम विधानसभा से रविवार को विशाल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डऍ. रमन सिंह समेत भाजपा के कई नेता भी शामिल होंगे। विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में जिला भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में एक बड़ी बैठक का आयोजन किया गया, जहां सर्वप्रथम भाजपा के पितृपुरुष स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें सभी कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गई, तत्पश्चात कांवड़ यात्रा के संबंध में सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए गए।
श्री मूणत ने कहा, इस वर्ष भी विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन रायपुर पश्चिम में किया जाना है। रायपुर के सभी जिला एवं मंडल पदाधिकारियों को यात्रा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौपी गई है। कांवड़ यात्रा का यह कार्यक्रम अपनी भव्यता के लिए सदैव राजधानी सहित आसपास चर्चित रहा है और यह आप सभी की मेहनत से संभव हुआ है। इस वर्ष कांवड़ यात्रा को और भी अधिक भव्यता और वैभव प्रदान करने हमने स्थानीय लोक कलाकारों के अलावा अन्य प्रदेशों के कलाकारों को भी अपनी प्रस्तुति देने आमंत्रित किया है। जैसे उज्जैन मध्यप्रदेश में बाबा महाकाल की सवारी में डमरू और ढोल बजाने वाली टीम, उत्तरप्रदेश से अघोरी नृत्य की प्रस्तुति देने वाली टीम, उत्तरप्रदेश से ही युवतियों द्वारा मां काली की जीवंत झांकी का प्रदर्शन, ओडिशा से बाहुबली कटप्पा की वेशभूषा में संबलपुरी बाजे में प्रस्तुति देने वाले चर्चित कलाकारों की टीम, छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध नृत्य कलाकारों जैसे आदिवासी नृत्य, पंथी नृत्य और राउत नाचा की प्रस्तुति देने वाले कलाकारों का दल, भगवान भोलेनाथ की चलित झांकी और प्रदेश की प्रमुख ढोल, धुमाल पार्टी अपनी प्रस्तुति देंगी, जो कांवड़ यात्रा का मुख्य आकर्षण होगा।
नेताओं के साथ संत-महात्मा भी
कांवड़ यात्रा में बतौर अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पूर्व मुख्यमंत्री विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र रमेश बैस, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल अन्य सभी वरिष्ठ भाजपा नेताओं सहित सामाजिक संस्थाओं और सनातन धर्म के प्रमुख साधु-संतों, महात्माओं की उपस्थिति रहेगी। ऐसे में कार्यक्रम की गरिमा बनाए रखना एवं सभी व्यवस्थाएं उच्चस्तरीय रखना जरूरी है। कार्यक्रम प्रभारी ओंकार बैस ने आगे की जानकारी देते हुए बताया कि झांकियों और बाजे-गाजे, डीजे के साथ निकाली जा रही कांवड़ यात्रा का शुभारंभ प्रातः 9.30 बजे गुढ़ियारी स्थित हनुमान मंदिर से किया जाएगा।
बैठक में ये हुए शामिल
बैठक में प्रमुख रूप से जयंती पटेल, ओंकार बैस, मीनल चौबे, अशोक पांडेय, अमित मैशरी, गोवेर्धन खंडेलवाल, बी. श्रीनिवास राव, प्रीतम ठाकुर, अनिल सोनकर, भूपेंद्र ठाकुर, विनोद अग्रवाल, राजेश ठाकुर, भोला साहू, रजियंत ध्रुव, गज्जू साहू, पुरुषोत्तम देवांगन, सुनील चंद्राकर, कमलेश्वरी बसंत वर्मा, अमर बंसल, दीपक जायसवाल , मंडल एवं बूथ के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे।



Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button