Big StorySports

राजस्थान की लगातार चौथी जीत, कोहली की सेंचुरी पर भारी पड़ा बटलर का शतक

जयपुर। छक्के के साथ अपना शतक पूरा करके फॉर्म में लौटे जोस बटलर ने विराट कोहली के शतक को बेनूर कर दिया। राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को छह विकेट से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग की अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर कब्जा कर लिया। रॉयल्स ने अब तक चार मैच खेले और चारों जीतकर शीर्ष पर है। वहीं आरसीबी लगातार तीसरी हार के साथ आठवें स्थान पर खिसक गई है।कोहली ने आईपीएल में रिकॉर्ड आठवां शतक जमाया लेकिन उनकी टीम तीन विकेट पर 183 रन ही बना सकी। राजस्थान ने 19.1 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 189 रन बनाते हुए टारगेट हासिल कर लिया।
अपना सौवां आईपीएल मैच खेल रहे बटलर ने यादगार पारी खेलकर आरसीबी के जीत के मंसूबों पर पानी फेर दिया। पिछली तीन पारियों में नाकाम रहे बटलर ने पांच गेंद बाकी रहते टीम को जीत दिलाई। उन्होंने आखिरी ओवर की पहली ही गेंद पर कैमरन ग्रीन को डीप स्क्वेयर लेग के ऊपर छक्का लगाकर टूर्नामेंट में अपना छठा शतक भी पूरा किया। अपनी 58 गेंद की पारी में उन्होंने नौ चौके और चार छक्के लगाए। कप्तान संजू सैमसन ने बटलर का बखूबी साथ निभाते हुए 148 रन की साझेदारी की। सैमसन ने 42 गेंद में 69 रन बनाए जिसमें आठ चौके और दो छक्के शामिल थे।



Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button