
नाबालिग भी पकड़ायापूजा-पाठ से बीमारी और घरेलू परेशानी दूर करने का दिया झांसा, 3 लाख के सोने के जेवर बरामद
रायपुर, 29 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में साधु बनकर पूजा-पाठ के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी एक युवक और विधि से संघर्षरत एक बालक को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत के 17 ग्राम सोने के आभूषण और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
बीमारी ठीक करने के नाम पर बनाया शिकार
पुलिस के मुताबिक, फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स निवासी जसवंत परमार की पत्नी को मार्च 2026 में तीन अज्ञात लोगों ने साधु बनकर अपने झांसे में लिया। आरोपियों ने बीमारी, आंखों की परेशानी और घरेलू समस्याओं के बारे में बातें बताकर विश्वास जीता। इसके बाद पूजा-पाठ के बहाने सोने की अंगूठी, चेन और अन्य जेवरात के साथ नकदी भी ले ली।आरोपियों ने जेवर वापस करने का भरोसा दिया, लेकिन उन्हें लौटाया नहीं। साथ ही, घटना की जानकारी किसी को देने पर परिवार को नुकसान पहुंचने का डर दिखाया। बाद में लगातार फोन कर और जेवरात व नकदी की मांग किए जाने पर पीड़ित परिवार को ठगी का संदेह हुआ। शिकायत के अनुसार, ठगी की कुल रकम करीब 15 लाख रुपये है।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले में गंज थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 283/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में केस दर्ज कर जांच शुरू की। मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ग्वालियर निवासी गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू (22) और एक नाबालिग को पकड़ा।पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई और अन्य साथी के साथ मिलकर पूजा-पाठ के नाम पर ठगी करने की बात स्वीकार की है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपियों से 17 ग्राम सोने के आभूषण और एक मोबाइल फोन जब्त किया है, जिनकी कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश के साथ-साथ इसी तरह की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।



