रायगढ़ पुलिस की अनूठी पहल: घरघोड़ा के ए.के. सिनेमा में ‘खौफ द डिजिटल वार’ का भव्य प्रदर्शन, एसएसपी शशि मोहन सिंह की अदाकारी ने जीता दिल
रायगढ़/घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता) । जिले में साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए आज एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह की एक अनूठी और सराहनीय पहल देखने को मिली। घरघोड़ा स्थित ए.के. सिनेमा में एसएसपी द्वारा लिखित एवं अभिनीत लघु फिल्म “खौफ द डिजिटल वार” का निशुल्क प्रदर्शन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और सैकड़ों की संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान ने की। इस अवसर पर धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी, तहसीलदार मनोज कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू और नायब तहसीलदार सहोदर राम सहित सुनील सिंह ठाकुर एवं सिनेमा संचालक अनिल कुमार गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

फिल्म के प्रदर्शन के दौरान दर्शकों में भारी उत्साह देखा गया। वास्तविक घटनाओं पर आधारित इस फिल्म के माध्यम से डिजिटल ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचने के उपायों को इतने प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया कि उपस्थित जनसमूह, विशेषकर आईटीआई के छात्र-छात्राएं और सरस्वती शिशु मंदिर के शिक्षक, मंत्रमुग्ध नजर आए। फिल्म के बाद नागरिकों ने एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के अभिनय और उनकी रचनात्मक सोच की जमकर तारीफ की। गौरतलब है कि श्री सिंह पूर्व में भी ‘यातना’, ‘गोमती’ और ‘कजरी’ जैसी फिल्मों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अरुणधर दीवान ने फिल्म की प्रशंसा करते हुए इसे वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। वहीं, एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने अपने संदेश में कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले दिनों में रायगढ़ के स्थानीय सामाजिक मुद्दों पर भी जागरूकता फिल्में बनाई जाएंगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि यह फिल्म सोशल मीडिया पर भी उपलब्ध है, जिसे अधिक से अधिक साझा करें ताकि समाज का हर वर्ग सुरक्षित रह सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय पत्रकार, सेवानिवृत्त कर्मचारी और महिलाएं भी मौजूद रहीं, जिन्होंने पुलिस की इस पहल को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
