April 26, 2026

रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट का किया भंडाफोड़ , मास्टरमाइंड देव बंसल गिरफ्तार

0
55 copy

रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता)। जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चक्रधरनगर थाना और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में सट्टा नेटवर्क के मुख्य आरोपी देव बंसल (21) को रायपुर स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को बोईरदादर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित श्याम फिनाइल उद्योग में रेड के दौरान विकास अग्रवाल उर्फ फून्नु और विनय अग्रवाल को इंग्लैंड और इटली के बीच चल रहे टी-20 मैच पर मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाते रंगे हाथ पकड़ा गया था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खरसिया निवासी गगन अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा संचालन करना स्वीकार किया था। इसके बाद 11 मार्च को फरार आरोपी गगन अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। मामले की गहराई से जांच में सामने आया कि गगन अग्रवाल, देव बंसल और उनके अन्य साथी इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और फोनपे के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क चला रहे थे, जिसका कनेक्शन कई राज्यों तक फैला हुआ था। पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर अन्य राज्यों में छिपते हुए इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहे थे, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आखिरकार मुख्य आरोपी देव बंसल को पकड़ लिया। देव बंसल के कब्जे से आईफोन 16 प्रो जब्त किया गया है, जिसमें विभिन्न राज्यों की यात्रा से जुड़े टिकट, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और सट्टा नेटवर्क से संबंधित अहम डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। इन सबूतों के आधार पर उसकी संलिप्तता गगन अग्रवाल और विनय अग्रवाल के साथ स्पष्ट पाई गई है। पुलिस जांच में इस रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की भी पहचान हुई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। यह पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में संपन्न हुई। कार्रवाई में थाना चक्रधरनगर की टीम और साइबर सेल के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा-
“ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित जुआ-सट्टा जैसे अपराधों पर रायगढ़ पुलिस की पैनी नजर है। ऐसे नेटवर्क के हर सदस्य और हर लिंक तक पहुंचकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों से दूर रहें और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *