“महादेव पान मसाला” सेंटर पर रेड, नकली सिगरेट का जखीरा जब्त; ट्रेडमार्क उल्लंघन का पहला बड़ा मामला
रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता) | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के कुशल निर्देशन में रायगढ़ पुलिस ने कॉपीराइट और ट्रेडमार्क उल्लंघन के खिलाफ जिले की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। चक्रधरनगर पुलिस ने सिंधी कॉलोनी स्थित “महादेव पान मसाला” सेंटर और उसके गोदाम पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली सिगरेट जब्त की है, जो असली ब्रांड्स के नाम पर उपभोक्ताओं को बेची जा रही थी।\

कार्रवाई का मुख्य विवरण
आईटीसी (ITC) कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि सदानंद मिश्रा (नई दिल्ली) की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। कंपनी को सूचना मिली थी कि रायगढ़ में उनके प्रतिष्ठित ब्रांड्स जैसे गोल्ड फ्लेक, फ्लेक और कैपस्टन के नाम पर नकली उत्पाद धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं।
- गोपनीय जांच: 15 अप्रैल को पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से टेस्ट खरीदारी की, जिसमें सिगरेट के पैकेटों के लोगो और फॉन्ट में स्पष्ट विसंगतियां पाई गईं।
- छापेमारी: पुष्टि होने के बाद सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में चक्रधरनगर पुलिस और आईटीसी की टीम ने ‘महादेव पान मसाला’ के दुकान व गोदाम पर रेड की।
जब्त सामान और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने मौके से लगभग 61,310 रुपये मूल्य के नकली सिगरेट पैकेट जब्त किए हैं। जब्त उत्पादों में शामिल हैं:
- नकली गोल्ड विमल: 920 डिब्बा
- गोल्ड फ्लैक किंग: 111 डिब्बे + 96 डिब्बे
- व्हाइट फ्लेक्स: 274 डिब्बा
- गोल्ड किंग: 4 डिब्बे और 307 नग खुला।
आरोपी की गिरफ्तारी: दुकान संचालक लक्ष्मण दास जय सिंह (पिता किशन चंद जय सिंह, उम्र 52 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 161/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(1), 349, ट्रेडमार्क अधिनियम 1999 की धारा 103, 104 और कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63, 64 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश
“नकली उत्पादों को असली के रूप में बेचकर उपभोक्ताओं को धोखा देना गंभीर अपराध है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिक सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें।”
सराहनीय भूमिका
इस सफल ऑपरेशन में निम्नलिखित अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही:
- मार्गदर्शन: एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी।
- नेतृत्व: सीएसपी श्री मयंक मिश्रा।
- टीम: उप निरीक्षक गेंदलाल साहू, एएसआई आशिक रात्रे, आरक्षक संदीप कौशिक, विक्रम सिंह, महिला आरक्षक माधुरी राठिया एवं अन्य स्टाफ।
