“एनएमएल तलईपल्ली की पहल : घरघोड़ा व तमनार सीएचसी को मिली बीएलएस एम्बुलेंस सुविधा”
घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। एनटीपीसी माइनिंग लिमिटिड (एनएमएल) तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना द्वारा सामुदायिक विकास पहल के अंतर्गत घरघोड़ा एवं तमनार सीएचसी के लिए दो बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) एम्बुलेंस प्रदान की गईं। यह पहल क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री राधेश्याम राठिया, माननीय सांसद, रायगढ़ की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर श्री अखिलेश सिंह, परियोजना प्रमुख, एनएमएल तलईपल्ली भी उपस्थित रहे। साथ ही श्री सुरेंद्र चौधरी, अध्यक्ष, घरघोड़ा नगर पंचायत, श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी, एसडीएम घरघोड़ा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में सांसद श्री राठिया ने एनएमएल तलईपल्ली के सामुदायिक विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि परियोजना द्वारा न केवल प्रभावित गांवों बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी सराहनीय योगदान दिया जा रहा है। श्री अखिलेश सिंह ने इस अवसर पर एनएमएल की सामुदायिक विकास के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराया।
