मेडिकल कालेज जशपुर के विकास का मील का पत्थर : भरत सिंह
जशपुर(गौरीशंकर गुप्ता) । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार द्वारा सोमवार को विधानसभा में प्रस्तुत किए गए बजट में जिले को मेडिकल कालेज का बड़ा उपहार मिलने से उत्साह का वातावरण है। जिले में मेडिकल कालेज की मांग बीते कई सालों से की जा रही थी। जिला भाजपा अध्यक्ष भरत सिंह ने बजट में कुनकुरी में मेडिकल कालेज की घोषणा करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार जताते हुए कहा कि मेडिकल कालेज शुरू हो जाने से आदिवासी बाहुल्य जिले के रहवासियों को गंभीर बीमारी की उपचार की सुविधा के लिए रायपुर,रांची जैसे दूरस्थ शहर की दौड़ से मुक्ति मिल सकेगी। उन्होनें कहा कि कुनकुरी के विधायक और जशपुर के बेटे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्यमंत्री बनने के बाद जिले में ऐतेहासिक विकास हो रहा है। मेडिकल कालेज का निर्माण जिले के विकास के सफर में मिल का पत्थर साबित होगा। उल्लेखनिय है कि साय सरकार ने बीते वर्ष 2024 में प्रस्तुत किए गए अपने पहले बजट में कुनकुरी में 220 बिस्तर की क्षमता वाले अत्याधुनिक अस्पताल निर्माण की स्वीकृति दी थी। बजट में इसके लिए 75 करोड़ रूपए का प्राविधान करते हुए सरकार ने पहले चरण में 31 करोड़ रूपए जारी कर दिया है। बजट जारी होने के बाद जिला प्रशासन ने अस्पताल भवन निर्माण के लिए कुनकुरी ब्लाक के चराईडांड़ में जमीन का चयन करते हुए,निविदा जारी कर चुकी है।
