रायपुर में दिखा जीपीएम का पर्यटन वैभव, खास स्टॉल में प्राकृतिक-धार्मिक स्थलों की झलक

रायपुर, 27 सितंबर 2026। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस’ में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के पर्यटन स्थलों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया।छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के संयुक्त आयोजन में लगाए गए विशेष स्टॉल पर जिले के प्राकृतिक सौंदर्य, वन क्षेत्र, ऐतिहासिक-पुरातात्विक धरोहरों और धार्मिक स्थलों की जानकारी दी जा रही है। पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों और आगंतुकों को जिले की पर्यटन संभावनाओं से परिचित कराया जा रहा है।


पर्यटन से रोजगार के नए अवसर
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा कि जीपीएम प्रकृति, संस्कृति और विरासत का संगम है। जिला प्रशासन पर्यटन स्थलों के संरक्षण, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा मिलने से जिले की पहचान मजबूत होने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण पर जोर
कलेक्टर ने पर्यटन स्थलों को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त रखने तथा प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस’ में जीपीएम की भागीदारी को जिले के पर्यटन स्थलों की ब्रांडिंग और प्रचार-प्रसार के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



